बड़वानी: बड़वानी जिले की राजपुर तहसील के ग्राम इंदरपुर के समीप रविवार सुबह मजदूरों से भरा एक पिक अप वाहन कुएं में जा गिरा। दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, वहीं छह घायल हुए हैं। घटना रविवार अल सुबह की है। जानकारी अनुसार पिकअप में 25 से अधिक मजदूर भरे हुए थे। यह वाहन महाराष्ट्र से मजदूरों को लेकर लौट रहा था। इस दौरान ग्राम इंदरपुर के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और एक खेत के कच्चे कुएं में जा गिरा। घटना की जानकारी लगने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची।पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मृतकों में 50 वर्षीय हैडी बाई पति पाटला निवासी चौतरिया और 23 वर्षीय अशोक पुत्र नजरिया निवासी लफनगांव शामिल है। वहीं घायलों में हरिया पिता काटला, प्रवीण पिता पंछी लाल, घिसली पिता रामालाल, छिनी पिता पातलिया, मापा पिता पातलिया और बबलू पिता ढेबरु शामिल है। पिकअप वाहन को कुए से निकालने व अन्य मजदूरों की खोजबीन जारी है। घायल मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भेजा गया है।