Hathras Gangrape: हाथरस में हुई घटना को लेकर देशभर में आक्रोश है। जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली के जंतर मंतर पर भी सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाथरस मामले में दोषियों को फांसी होनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा, ''हम दुख की घड़ी में यहां इकट्ठे हुए हैं, ईश्वर से कामना है कि वह हमारी बेटी की आत्मा को शांति दें।'' मुख्यमंत्री बनने के बाद अरविंद केजरीवाल पहली बार किसी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। हाथरस गैंगरेप मामले पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में विपक्षी दल के लोग भी शामिल हुए। अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, ''उत्तर प्रदेश सरकार से हाथ जोड़कर विनती है कि जो दोषी हैं, उन लोगों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, उनको जल्द से जल्द फांसी दिलवाई जाए। इतनी कठोर सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत ना कर सके।'' अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा, ''एक सवाल उठ रहा है कि हाथरस मामले के दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है ऐसा नहीं होना चाहिए। इस मामले में किसी तरह की राजनीति भी नहीं होनी चाहिए।''भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी हाथरस गैंगरेप मामले पर प्रदर्शन के लिए इंडिया पर एकत्रित होने के लिए आग्रह किया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को वहां भीड़ पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी कर दिया था। इसके बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि आंदोलन को 3 किमी दूर जंतर मंतर में स्थानांतरित कर दिया गया। प्रदर्शन पहले इंडिया गेट पर होना था, बाद में इसे जंतर मंतर शिफ्ट कर दिया गया। भीम आर्मी के सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की जंतर-मंतर पर शामिल होने की उम्मीद है।वहीं, हाथरस (Hathras) में दलित लड़की के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जाने यूपी पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद अब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर का रुख किया है। शुक्रवार को कांग्रेस ने मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर में पहुंची और यहां प्रार्थना सभा में शामिल हुईं।