IPL 2021 / पोलार्ड ने जड़ा आईपीएल 2021 का अब तक का सबसे लंबा छक्का, 105 मीटर दूर जाकर गिरी गेंद

मुंबई इंडियंस के कायरन पोलार्ड ने शनिवार को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में सनराइज़र्स हैदराबाद के स्पिनर मुजीब उर रहमान के खिलाफ आईपीएल 2021 का अब तक का सबसे लंबा छक्का (105 मीटर) जड़ा। पोलार्ड ने 22 गेंदों में अपनी नाबाद 35 रनों की पारी में 3 छक्के लगाए। पोलार्ड ने आईपीएल में अपने 200 छक्के भी पूरे किए।

Vikrant Shekhawat : Apr 18, 2021, 04:56 PM
मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 9वें मैच में मुंबई इंडियंस का आमना-सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए हैं। हैदराबाद को सीजन की पहली जीत दर्ज करने के लिए 151 रन बनाने होंगे। मुंबई की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा (40) और आखिरी के ओवरों में कीरोन पोलार्ड ने महज 22 गेंदों में 35 रनों की नाबाद पारी खेली। पोलार्ड ने अपनी इनिंग के दौरान मुजीब उर रहमान की गेंद पर आईपीएल 2021 का सबसे लंबा छक्का जड़ा। 

मुंबई की पारी का 17वां ओवर करने आए मुजीब उर रहमान ने पहली ही गेंद शॉर्ट फेंकी, जिस पर पोलार्ड ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से 105 मीटर का लंबा सिक्स जड़ा और बॉल को मैदान के बाहर भेज दिया। पोलार्ड ने अपनी 35 रनों की पारी के दौरान 1 चौका और तीन छक्के लगाए। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने मुंबई के खिलाफ 100 मीटर लंबा छक्का जड़ा था। रोहित और पोलार्ड को छोड़कर मुंबई के बाकी बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके।

मुंबई की तरफ से इस मैच में एडम  मिल्ने अपना डेब्यू कर रहे हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। हैदराबाद ने जेसन होल्डर, ऋद्धिमान साहा, शाहबाज नदीम और टी नटराजन की जगह पर विराट सिंह अभिषेक शर्मा, मुजीब उर रहमान और खलील अहमद को टीम में जगह दी है। हैदराबाद की टीम ने अबतक खेले दोनों ही मैचों में हार का सामना किया है और यही वजह है कि टीम चार बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है।