IPL 2025 Mayank Yadav / IPL से पहले LSG को लगा तगड़ा झटका- धाकड़ तेज गेंदबाज को लेकर आई बुरी खबर

टीम इंडिया के चैंपियन बनने के साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का समापन हो चुका है, और अब फैंस की नजरें IPL 2025 पर हैं। LSG को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनके तेज गेंदबाज मयंक यादव कमर की चोट के चलते पहले हाफ से बाहर हो सकते हैं। उनकी वापसी पर संशय बरकरार है।

Vikrant Shekhawat : Mar 11, 2025, 05:00 PM
IPL 2025 Mayank Yadav: टीम इंडिया के चैंपियन बनने के साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का समापन हो चुका है और अब फैंस की नजरें IPL 2025 पर टिकी हैं। IPL 2025 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है, लेकिन इसके पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज मयंक यादव कमर की चोट के कारण टूर्नामेंट के पहले हाफ से बाहर हो सकते हैं।

मयंक की चोट और रिकवरी का सफर

मयंक यादव इस समय अपनी चोट से उबर रहे हैं और उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी शुरू की है। यह चोट उन्हें पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ T20 सीरीज में भारत के लिए डेब्यू करने के दौरान लगी थी।

BCCI ने अभी तक मयंक की वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर वह बॉलिंग वर्कलोड को बढ़ाने के साथ-साथ सभी फिटनेस पैरामीटर्स को पूरा करते हैं, तो IPL 2025 के दूसरे हाफ में खेल सकते हैं। ESPNcricinfo ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

LSG को लगा तगड़ा झटका

अगर मयंक IPL 2025 का पहला हाफ मिस करते हैं, तो यह LSG के लिए बहुत बड़ा झटका होगा। फ्रेंचाइजी ने मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। दिलचस्प बात यह है कि मयंक को LSG ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था और शानदार प्रदर्शन के बाद अगले ही सीजन में वह करोड़पति बन गए।

पिछले सीजन में मयंक ने 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी कर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी थी। अपने पहले दो IPL मैचों में लगातार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतकर उन्होंने नेशनल सिलेक्टर्स को प्रभावित किया, जिसके चलते उन्हें जल्द ही टीम इंडिया में डेब्यू करने का मौका मिल गया। हालांकि, चोट के कारण वह ज्यादा मैच नहीं खेल सके।

लंबे समय से मैदान से दूर

IPL 2024 में मयंक सिर्फ चार मैच ही खेल सके थे क्योंकि वह साइड स्ट्रेन की समस्या से जूझ रहे थे। उनके रिहैब के दौरान उन्हें एक और चोट लग गई, जिससे उनकी वापसी में और देरी हो गई। इसी दौरान उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ T20 सीरीज में डेब्यू किया, लेकिन इसके तुरंत बाद फिर चोटिल हो गए, जिसके कारण उन्हें दोबारा रिहैब में जाना पड़ा।

मयंक पिछले साल अक्टूबर के बाद से ही मैदान से दूर हैं, और अब IPL 2025 के पहले हाफ में उनके नहीं खेलने की संभावनाएं LSG के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी और फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द फिट होकर दूसरे हाफ में टीम के लिए उपलब्ध होंगे।