
- भारत,
- 17-Sep-2022 10:28 PM IST
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की आने वाली फिल्म थैंक गॉड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। थैंक गॉड फिल्म में भगवान चित्रगुप्त पर फिल्माए गए दृष्यों को लेकर आपत्ति जताई जा रही है। आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर में कायस्थ समाज के आराध्य भगवान चित्रगुप्त को मॉडर्न कपड़ों में दिखाया गया है। भगवान चित्रगुप्त के किरदार में अभिनेता अजय देवगन आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। चूंकि प्रयागराज में केपी ट्रस्ट का मुख्यालय है। यहां कायस्थों के कई बड़े संगठन हैं, कई संगठनों का मुख्यालय और बड़े पदाधिकारी रहते हैं, ऐसे में यहां से विरोध की आवाज उठनी लाजिमी थी। प्रयागराज में फिल्म के विरोध में पोस्टर वार शुरू हो गया है। कायस्थों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।अंतरराष्ट्रीय कायस्थ महासंघ ने फिल्म के विरोध में पूरे शहर में पोस्टर चस्पा किए हैं। मांग की गई है कि फिल्म को रिलीज न किया जाए। रिलीज से पहले भगवान चित्रगुप्त पर फिल्माए गए सीन को हटाया जाए। प्रदेश सचिव अधिवक्ता कल्पना श्रीवास्तव का कहना है कि विरोध सड़क पर उतर कर किया जाएगा। सरकार से मांग है कि वह कायस्थ समाज का सम्मान करते हुए कोई कदम उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कुछ न हुआ तो मामले पर हाईकोर्ट की शरण लेकर रिलीज पर रोक की गुहार लगाएंगी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, केपी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी फिल्म से सीन हटाने की मांग की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह का कहना है कि भगवान चित्रगुप्त पर आपत्तिजनक सीन हटाई जाए। केपी ट्रस्ट के प्रवक्ता अनिल श्रीवास्तव का कहना है कि कायस्थ समाज के पूजनीय भगवान ऐसी फिल्म बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसे लेकर बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा।