UP / ताजमहल में जय श्रीराम के नारे लगा फहराया भगवा, वीडियो हुआ वायरल

ताजमहल में एक बार फिर धार्मिक गतिविधि का मामला सामने आया है। सोमवार को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने ताजमहल परिसर में भगवा झंडे लहराए। कार्यकर्ताओं ने परिसर में शिव चालीसा का पाठ भी किया है। इसका वीडियो वायरल हुआ है। इसमें ताजमहल परिसर में पाथवे पर लगी बेंच के पास भगवा ध्वज लहराने वाले एक युवक की पहचान हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर के रूप में हुई है।

Vikrant Shekhawat : Jan 04, 2021, 09:09 PM
आगरा | ताजमहल में एक बार फिर धार्मिक गतिविधि का मामला सामने आया है। सोमवार को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने ताजमहल परिसर में भगवा झंडे लहराए। कार्यकर्ताओं ने परिसर में शिव चालीसा का पाठ भी किया है। इसका वीडियो वायरल हुआ है। इसमें ताजमहल परिसर में पाथवे पर लगी बेंच के पास भगवा ध्वज लहराने वाले एक युवक की पहचान हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर के रूप में हुई है।

ताजमहल में एक बार फिर नियम टूटे हैं। हिंदू जागरण मंच आगरा के जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर ने कुछ युवकों के साथ ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर भगवा झंडा लहराया और शिव चालीसा का पाठ किया। इससे पहले विजयदशमी पर ताजमहल में भगवा झंडा लहराया गया था।

दरअसल, कोरोना संक्रमण काल में सुरक्षाबल बिना छुए पर्यटकों की जांच कर रहे हैं। उसी का फायदा उठाते हुए आगरा हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता भगवा झंडे और शिव चालीसा लेकर ताजमहल में घुस गए। जब वीडियो वायरल हुआ तो सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी हुई। 

नियमानुसार ताजमहल परिसर में धार्मिक और प्रमोशनल गतिविधियों पर प्रतिबंध है। केवल शुक्रवार के दिन परिसर में स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ी जाती है। शाहजहां के उर्स के तीन दिनों के दौरान यहां इबादत का दौर चलता है। इसके अलावा अन्य किसी तरह की गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित है।

कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच ताजमहल में एक बार फिर नियम टूटे हैं। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। इसके बाद ताजमहल की सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी खुली चुनौती से कम नहीं है।