उत्तर प्रदेश / युवक ने रेप कर बनाया वीडियो, वायरल करने की धमकी देकर मांग रहा ₹5 लाख: युवती का आरोप

बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) में एक युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने धोखे से नशीला पदार्थ खिलाकर उससे दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता के मुताबिक, युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे ₹5 लाख मांग रहा है। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

बुलंदशहर: बुलंदशहर में नगर क्षेत्र की एक युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना ली गई। इसके बाद आरोपी युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से पांच लाख रुपये की डिमांड शुरू कर दी। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। 

नगर की एक कालोनी निवासी पीड़िता युवती ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी जान-पहचान नरसेना के गांव मढैया कलां निवासी दिग्विजय सिंह पुत्र विजय पाल सिंह के साथ थी। दिग्विजय बीते दिनों उसके घर पर आया और उसे धोखे से नशीला पदार्थ खिला दिया।

नशीला पदार्थ खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बना ली। अब आरोपी द्वारा वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की डिमांड की जा रही है। पीड़िता के अनुसार आरोपी की हरकत से वह दहशत में जीने पर मजबूर है।

नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दिग्विजय सिंह पुत्र विजय पाल सिंह निवासी गांव मढैया कलां थाना नरसेना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।