ब्रेकिंग न्यूज / एसटीएफ ने विकास दुबे की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है

आठ पुलिस कर्मियों की हत्याएं करने वाला विकास दुबे सुबह महाकाल मंदिर उज्जैन में पकड़ा गया तो शाम को उसकी पत्नी रिचा और बेटे को भी एसटीएफ ने दबोच लिया है। दोनों कृष्णा नगर के नारायणपुरी मोहल्ले में एक खाली प्लाट के पास से पकड़े गए हैं। इसके साथ ही विकास के नौकर को पुलिस ने भागने का प्रयास करते पकड़ लिया है।

Vikrant Shekhawat : Jul 09, 2020, 08:37 PM
कानपुर | आठ पुलिस कर्मियों की हत्याएं करने वाला विकास दुबे सुबह महाकाल मंदिर उज्जैन में पकड़ा गया  तो शाम को उसकी पत्नी रिचा और बेटे को भी एसटीएफ ने दबोच लिया है। दोनों कृष्णा नगर के नारायणपुरी मोहल्ले में एक खाली प्लाट के पास से पकड़े गए हैं। इसके साथ ही विकास के नौकर को पुलिस ने भागने का प्रयास करते पकड़ लिया है। बता दें कि आज ही सुबह विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिस जवानों की हत्या के मामले में मध्यप्रदेश उज्जैन से गिरफ्तार किए गए मोस्टवांटेड विकास दुबे का भरा पूरा परिवार है, उसकी पत्नी, दो बेटे, माता-पिता और छोटा भाई भी है लेकिन जरायम की गहरी जड़े बना चुके विकास से परिवार के सभी लोग लंबे अर्से से दूर अलग रह रहे हैं। विकास चौबेपुर के बिकरू गांव में बने पैतृक मकान में अकेला रहता था, उसके पास सिर्फ बीमार वृद्ध पिता रह रहे थे। पिता की सेवा के लिए विकास ने अपने एक सहयोगी और उसकी पत्नी को लगा रखा था। उसकी पत्नी और बच्चे साथ नहीं रह रहे थे।

पूरे गैंग के खात्मे तक चलता रहेगा अभियान

प्रदेश के एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत विकास दुबे पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर यूपी लाया जा रहा है। विकास दुबे के यूपी में न पकड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे देश की पुलिस एक है। मध्य प्रदेश पुलिस हमसे अलग नहीं है। घटना के दिन से ही यूपी पुलिस लगातार इस गैंग के लोगों का पीछा कर रही है। उज्जैन में विकास के पकड़े जाने के घटनाक्रम पर उन्होंने यह कहते हुए कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि सभी तथ्यों के बारे में पूरी जानकारी मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। विकास दुबे गैंग के सभी सदस्यों की गिरफ्तारी होने तक पुलिस का अभियान जारी रहेगा। सभी दोषियों को कानून के हवाले कर कड़ी सजा दिलवाने की कोशिश की जाएगी।