Chhattisgarh News / सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ में 30 नक्सली मार गिराए, 28 के शव बरामद

छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया। दंतेवाड़ा-नारायणपुर बॉर्डर पर 2 घंटे की मुठभेड़ में 28 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। भारी मात्रा में हथियार भी मिले हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन बताया जा रहा है।

Vikrant Shekhawat : Oct 04, 2024, 09:15 PM
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया। IG सुंदरराज पी. ने दैनिक भास्कर को बताया कि 28 नक्सलियों के शव बरामद हो चुके हैं। अभी 34 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इनकी संख्या बढ़ सकती है।

मुठभेड़ दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले के बॉर्डर पर ओरछा थाना इलाके के नेंदुर और थुलथुली गांव के बीच जंगल में हुई।

एनकाउंटर के दौरान 2 घंटे तक रुक-रुककर फायरिंग होती रही। इसके बाद जब फायरिंग रुकी तो सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जवानों ने शाम 6 बजे तक भारी मात्रा में AK-47, एसएलआर समेत कई हथियार भी बरामद किए।

IG सुंदरराज ने इसे अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन बताया है। करीब 6 महीने पहले कांकेर में 29 नक्सली मारे गए थे।

सुरक्षा बलों ने इस साल अब तक 171 नक्सलियों को मार गिराया

इस साल बस्तर क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 171 नक्सलियों को मार गिराया गया है। बस्तर क्षेत्र में दंतेवाड़ा और नारायणपुर सहित 7 जिले शामिल हैं।

उधर, 11 दिन में यह तीसरी मुठभेड़ है। 24 सितंबर को भी सुकमा जिले में मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान एनकाउंटर में 2 नक्सलियों को ढेर किया गया था। हालांकि दोनों शव को उनके साथी अपने साथ ही ले गए।

एक महीने पहले 3 महिला नक्सली ढेर

29 अगस्त को नारायणपुर और कांकेर बॉर्डर पर अबूझमाड़ इलाके में मुठभेड़ हुई थी। इसमें 3 वर्दीधारी महिला नक्सलियों को ढेर किया गया था। इनकी शिनाख्त उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी और PLGA कम्पनी नंबर 05 के सदस्य के रूप में हुई।

2024 में अब तक 171 से ज्यादा नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी ने दंतेवाड़ा मुठभेड़ से पहले बताया था कि बस्तर संभाग में मानसून सीजन में ही 212 से ज्यादा नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 201 नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है।