देश / छत्तीसगढ़ में 25 जवानों की हत्या में शामिल एक नक्सली समेत 14 नक्सलियों ने किया सरेंडर

दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) में रविवार को 14 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया जिनमें से एक नक्सली 2017 में 25 जवानों की हत्या के मामले में आरोपी है। इन नक्सलियों में ₹1 लाख का इनामी सन्ना मरकाम भी शामिल है। दरअसल, राज्य में नक्सलियों को मुख्य धारा में लाने के लिए पुलिस द्वारा लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान चलाया जा रहा है।

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में डीआरजी के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। एक लाख रुपए के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। यह नक्सली बुर्कापाल की घटना में शामिल था, जिसमें 25 जवान शहीद हुए थे। गिरफ्तार नक्सली का नाम कोसा मरकाम है। वही दंतेवाड़ा में एसपी के सामने 14 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। 

दंतेवाड़ा एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि शनिवार को कटेकल्याण क्षेत्र के सुरनार और टेटम क्षेत्र में पुलिस और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान जवानों को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। जवानों ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कोसा मरकाम बताया। 

इस नक्सली पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार नक्सली बुर्कापाल की घटना में शामिल था, जिसमें 25 जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा बम प्लांट करने, स्पाइक होल लगाने, रास्ता बाधित करने जैसे कई मामलों में पुलिस को इसकी तलाश थी। 

एसपी ने बताया कि घर वापस आइए अभियान के तहत शनिवार की शाम 14 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सभी ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई। सभी को पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा। अभिषेक पल्लव ने बताया कि घर वापस आइए अभियान के तहत जिले में अब तक 454 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।