Champions Trophy 2025 / रोहित शर्मा के पास वह कर दिखाने का मौका, जो कोई भी भारतीय आज तक नहीं कर पाया

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। 2 मार्च को दोनों टीमें ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेलेंगी, जिससे टॉप टीम तय होगी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में 11 छक्के लगाकर 350 छक्के पूरे कर सकते हैं और 13 छक्के जड़कर शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 बहुत ही शानदार अंदाज में खेला जा रहा है। ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही क्रिकेट टीमें सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं। लेकिन दोनों का ग्रुप स्टेज में एक मैच बचा हुआ है, जो उन्हें 2 मार्च को खेलना है। इसी से तय होगा कि प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर कौन सी टीम रहेगी। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ने का मौका

रोहित शर्मा ने अभी तक वनडे क्रिकेट के 270 मैचों में कुल 339 छक्के लगाए हैं और वह इस समय दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच में रोहित 11 छक्के और जड़ देते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट में 350 छक्के पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। अब तक कोई भी भारतीय खिलाड़ी यह मुकाम हासिल नहीं कर पाया है।

वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम है, जिन्होंने कुल 351 छक्के लगाए हैं। यदि रोहित 13 छक्के और लगा देते हैं, तो वह अफरीदी को भी पीछे छोड़ देंगे और वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज:

  1. शाहिद अफरीदी - 351 छक्के

  2. रोहित शर्मा - 339 छक्के

  3. क्रिस गेल - 331 छक्के

  4. सनथ जयसूर्या - 270 छक्के

  5. महेंद्र सिंह धोनी - 229 छक्के

वनडे क्रिकेट में 32 शतक जड़ चुके हैं रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने भारतीय टीम के लिए साल 2007 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। करियर के शुरुआती दौर में उनका प्रदर्शन औसत रहा, लेकिन 2013 में जब तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें ओपनिंग करने का मौका दिया, तब से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

आज वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम की एक मजबूत कड़ी बन चुके हैं। उन्होंने अब तक 270 वनडे मैचों में 11049 रन बनाए हैं, जिसमें 32 शतक शामिल हैं। वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस मुकाबले में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिल सकता है। साथ ही, रोहित शर्मा के छक्कों की बारिश का भी क्रिकेट फैंस को इंतजार रहेगा।