Akhilesh Yadav / यूपी के बुलडोजरों का रुख सपा की सरकार बनते ही गोरखपुर की ओर होगा- अखिलेश यादव

लोकसभा 2024 में उत्तर प्रदेश में बढ़त के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होने का दावा किया है। उन्होंने गोरखपुर के खिलाफ सपा की सरकार बनने पर बुलडोजर भेजने की बात कही, जो विवाद को जन्म दे सकता है।

Vikrant Shekhawat : Sep 04, 2024, 09:03 AM
Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2024 लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। यादव ने दावा किया कि भाजपा का उत्तर प्रदेश से सफाया हो जाएगा और उनकी पार्टी सत्ता में आने पर पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा। अखिलेश का यह बयान भाजपा के खिलाफ उनकी तीखी आलोचना का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह किसानों, युवाओं, और आम जनता को परेशान कर रही है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने संविधान और आरक्षण के मुद्दों पर जोर देते हुए जातीय जनगणना की आवश्यकता पर बल दिया और समाजवादी पार्टी को इन मुद्दों पर जनता के बीच सक्रिय होने का संकल्प लिया है।

2027 में बनेगी समाजवादी सरकार- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और देश की राजनीति उसके चुनावी परिणाम से प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों को सताया जा रहा हैं। किसान परेशान है। नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। समाज का हर वर्ग परेशान, बदहाल है। इसके बाद अखिलेश ने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा।

भाजपा की सरकार में यूपी पिछड़ा- अखिलेश यादव

लखनऊ में डॉ0 राम मनोहर लोहिया सभागार में सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वह 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को बेदखल कर सत्ता में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में प्रदेश हर स्तर पर पिछड़ता चला गया है। विकास पूरी तरह अवरूद्ध है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है।

संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार- अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना का होना आवश्यक है और समाजवादी पार्टी इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर ही जनता को तमाम समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।